ज्योति मांझी पर हमले से भड़के जीतन राम मांझी : 8 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
गयाजी- केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी विधायिका ज्योति मांझी पर हुए हमले को लेकर भड़क उठे हैं। उन्होंने मोहनपुर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि आठ दिनों के भीतर थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं हुई और हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा आंदोलन करेगी।जीतन राम मांझी ने गया पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधायिका ज्योति मांझी पर एक बार नहीं, बल्कि कई बार हमले हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि मोहनपुर थाना की पुलिस विधायिका के स्कॉर्ट में रहती, तो यह घटना नहीं होती।
उन्होंने कहा कि मोहनपुर थाना प्रभारी ने सुरक्षा स्कॉर्ट देने से यह कहकर मना कर दिया था कि गाड़ी में तेल नहीं है। मांझी ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब घटना हुई और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तेल कहां से आ गया?केंद्रीय मंत्री ने कहा कि घटना के दौरान ही अपराधियों को पकड़ा जा सकता था। पुलिस दोनों तरफ से पहुंची थी, लेकिन हमलावर फरार हो गए और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर हमलावरों को बचाया जा रहा है।
जीतन राम मांझी ने यह भी कहा कि मोहनपुर थाना प्रभारी महादलित समाज की विधायक होने के कारण ज्योति मांझी के खिलाफ साजिश का हिस्सा बने हुए हैं और जानबूझकर लापरवाही बरत रहे हैं।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात से आठ दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के कार्यकर्ता डीएम और एसएसपी आवास का घेराव करेंगे।
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट





