रांची : झारखंड विधानसभा शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन आज जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच काफी बहस हो गई. बाबूलाल मरांडी के मुद्दे पर तीखी बहस की वजह से सदन के अंदर का तापमान बढ़ा दिया. हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.


विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन आज व्यवस्था के माध्यम से सवाल उठाते हुए कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने बाबूलाल मरांडी पर हमलावर हो गए. बाबूलाल मरांडी पर हमलावर प्रदीप यादव ने कहा कि आसन पर बाबूलाल मरांडी द्वारा हस्तक्षेप लगाना विधानसभा की अवमानना है. इसलिए अध्यक्ष को बाबूलाल मरांडी पर कार्रवाई करनी चाहिए. दरअसल बाबूलाल मरांडी ने कल मीडिया में यह बयान दिया कि सदन के अंदर उन्हें बोलने की इजाजत नहीं दी गई.


इसी बीच नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि बाबूलाल मरांडी सदन के ही सदस्य हैं और उन्हें भी जनता के द्वारा ही चुनकर भेजा गया है. आप देख सकते हैं कि कल बार-बार उन्होंने एड्रेस किया लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया. प्रदीप यादव को इस मामले पर सवाल कैसे उठा सकते हैं. उन्हें बाबूलाल मरांडी से माफी मांगनी चाहिए.


प्रदीप यादव को माफी मांगने की मांग करते हुए बीजेपी के विधायक बेल पर पहुंच कर हंगामा करने लगे और इसी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 12.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.