गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत के जमुआ गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई। करीब आठ माह से वृद्धा पेंशन बंद रहने और आर्थिक तंगी से जूझ रही 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला दुखती देवी की मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, गांव में वृद्धा पेंशन बंद रहने के कारण बुजुर्गों के सामने उत्पन्न हो रही आर्थिक परेशानियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जाता है कि दुखती देवी के पति सूर्यदेव राम की करीब दो वर्ष पहले ही मौत हो गई थी। पति के निधन के बाद वह किसी तरह अपना जीवन गुजार रही थीं। वृद्धा पेंशन ही उनके जीवन का एकमात्र सहारा था, लेकिन पिछले कई महीनों से पेंशन का भुगतान बंद होने के कारण उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही थीं।
परिजनों के अनुसार, आर्थिक तंगी के कारण उन्हें भोजन, दवा और अन्य जरूरी सामानों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब ठंड का मौसम भी शुरू हो गया है, ऐसे में जरूरतमंद बुजुर्गों के पास न तो गर्म कपड़ों और कंबल की समुचित व्यवस्था है और न ही इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसे हैं। दशहरा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार भी पेंशन के इंतजार में गुजर गए, लेकिन अब तक भुगतान शुरू नहीं होने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार, दुखती देवी के दो पुत्र थे। बड़े पुत्र का नाम सुनील पासवान और छोटे पुत्र का नाम अनिल पासवान बताया गया है। छोटे पुत्र अनिल पासवान की भी पहले ही मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि अनिल अपनी एक बेटी की शादी कर चुके थे। पारिवारिक जिम्मेदारियों और आर्थिक परेशानियों के बीच दुखती देवी का जीवन काफी कठिन हो गया था। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर वृद्धा पेंशन के भुगतान में हो रही देरी और जरूरतमंद बुजुर्गों की बदहाल आर्थिक स्थिति को चर्चा में ला दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वृद्धा पेंशन बुजुर्गों के लिए महज सरकारी सहायता नहीं, बल्कि बुढ़ापे का एक महत्वपूर्ण सहारा है। पेंशन बंद रहने से कई बुजुर्ग दवा, भोजन और दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
अब सवाल यह है कि आखिर कब तक बुजुर्ग अपनी ही पेंशन के इंतजार में परेशान होते रहेंगे? ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि लंबित वृद्धा पेंशन का भुगतान जल्द शुरू कराया जाए तथा जरूरतमंद बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए कंबल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गौरतलब है की केंद्र सरकार के लेट लतीफी के चलते झारखण्ड सरकार ने सर्वजन पेंशन योजना की शुरुआत की थी जिसमे झारखण्ड सरकार को प्रतिवर्ष 200 सौ करोड़ रुपया खर्च होता है इसके बावजूद बुजुग महिला को आठ माह का पेंशन नहीं मिलना सरकारी सिस्टम पर सवाल खड़ा करती है।
इस मामले पर प्रखंड प्रमुख पिंकू पाण्डेय ने कहा की केंद्र सरकार के पेंशन आठ माह से नहीं आने के कारण ये हालात हो गई है।
