WEATHER NEWS : झारखंड में मूसलधार बारिश का कहर, अगले 72 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी


DESK : झारखंड में मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार में आ गया है मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आगामी 72 घंटे के भीतर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 8 जुलाई तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। जारी पूर्वानुमान के अनुसार रांची, लोहरदगा, सरायकेला-खरसांवा और पूर्वी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन चार जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो में भी भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 8 जुलाई को सिमडेगा, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा में फिर से भारी बारिश की चेतावनी है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
झारखंड में इस बार मानसून ने अब तक औसत से कहीं ज्यादा मेहरबानी दिखाई है, विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक सामान्य से 75 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। तेज बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है, वहीं कुछ जिलों में भूस्खलन की भी आशंका जताई जा रही है।