अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लावालौंग पुलिस ने नोसोदाग जंगल में छापेमारी कर एक ट्रैक्टर और करीब पांच सौ ग्राम पोस्ता दाना जब्त किया है। वन भूमि पर पोस्ता की अवैध बुआई की कोशिश को नाकाम करते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। इस पूरी कार्रवाई में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब और थाना प्रभारी चंदन कुमार की सक्रिय भूमिका और तत्परता काफी सराहनीय रही।जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नोसोदाग जंगल की वन भूमि पर ट्रैक्टर से जोताई कर अवैध रूप से पोस्ता की खेती की तैयारी और बुआई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी।

टीम के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान खेती में संलिप्त बताए जा रहे पसांगम निवासी राजेश गंझू ने घने जंगल का फायदा उठाया और मौके से फरार हो गया। पुलिस की टीमें उसकी तलाश और आगे की छानबीन में जुटी हैं।मौके की जांच में यह बात सामने आई कि करीब एक एकड़ वन भूमि पर अफीम की खेती के लिए खेत तैयार करने और बुआई का काम किया जा रहा था। समय रहते कार्रवाई होने से अवैध खेती को शुरुआती चरण में ही रोक लिया गया।पुलिस ने घटनास्थल से ट्रैक्टर और पांच सौ ग्राम पोस्ता दाना जब्त कर लिया है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

शुक्रवार को एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत अवैध अफीम की खेती और इससे जुड़े माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।एसडीपीओ के अनुसार, अवैध खेती करवाने, जमीन उपलब्ध कराने या इसमें किसी भी तरह से शामिल पाए जाने वाले हर व्यक्ति को चिन्हित किया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

वन क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की खेती रोकने के लिए पुलिस और वन विभाग की यह संयुक्त कार्रवाई एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।