JHARKHAND NEWS : धनबाद में श्रमिकों की मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ का जोरदार प्रदर्शन
धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर सोमवार को भारतीय मजदूर संघ यानी बीएमएस की ओर से श्रमिकों की लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में आंगनबाड़ी सेविकाओं समेत बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से श्रमिक हित में कई मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर देशभर के जिला मुख्यालयों में श्रमिकों की मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। इसी कड़ी में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर भी बीएमएस कार्यकर्ताओं और श्रमिकों ने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में श्रमिकों का न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करना शामिल है। इसके साथ ही EPS-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह करने और महंगाई भत्ता देने की मांग की गई। ईपीएफ वेतन सीमा को 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये और ईएसआई की वेतन सीमा को 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग भी उठाई गई।
वहीं, प्रदर्शनकारियों ने पुरानी पेंशन योजना को दोबारा लागू करने की मांग की। आंगनबाड़ी और अन्य योजना कर्मियों को श्रमिक का दर्जा देने के साथ उनके मानदेय में बढ़ोतरी की मांग भी की गई। श्रम संहिताओं में मौजूद श्रमिक विरोधी प्रावधानों को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही गई।बीएमएस नेताओं ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान होने तक मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिकों की मौजूदगी रही।





