गुमला में दो महिलाओं की हत्या के सनसनीखेज मामले में बुधवार को बड़ा खुलासा हुआ। सिमडेगा जिले के वीरू जंगल स्थित जलेबी मोड़ के पास पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए। मृतकों की पहचान विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी 28 वर्षीय मिनी प्रिया और 20 वर्षीय राधिका कुमारी के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों महिलाओं की हत्या उनके पतियों ने की थी। हत्या के बाद शवों को एंबुलेंस से वीरू जंगल ले जाकर दफना दिया गया था।मामले में दोनों सगे भाई शिव शंकर साहू और नवीन साहू ने मंगलवार को अपने सात वर्षीय बच्चे के साथ गुमला थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया था। पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शवों की तलाश शुरू की। मंगलवार शाम अंधेरा होने के कारण शव बरामद नहीं हो सके। बुधवार सुबह पुलिस ने दोबारा अभियान चलाया और दोनों महिलाओं के शव बरामद कर लिए।
बताया जाता है कि दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद का मामला थाना और न्यायालय तक पहुंच चुका था। शनिवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था। इसके बावजूद इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
