CHAIBASA : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 181 झारखंड आंदोलनकारियों को उनके संघर्ष और योगदान के लिए अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार (निबंधन रहित) विभाग और परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त हरि कुमार केसरी, कोल्हान पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज रतन चौथे, जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा सहित अन्य वरीय प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, इसके बाद 16 अंचल क्षेत्रों के 181 झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इन आंदोलनकारियों को उनके संघर्षों के लिए सम्मानित करते हुए अंग वस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मंत्री दीपक बिरुवा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण के लिए योगदान देने वाले सभी आंदोलनकारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तियों के संघर्ष के कारण ही झारखंड राज्य अस्तित्व में आया और वर्तमान राज्य सरकार आंदोलनकारियों को सम्मान और पेंशन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने भी अपने संबोधन में आंदोलनकारियों के योगदान की सराहना की और उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य का गठन संभव हुआ, क्योंकि इन महान व्यक्तियों ने अपने संघर्ष से राज्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए आंदोलनकारियों के संघर्ष की सराहना की और चाईबासा पुलिस की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान, 25 जनवरी को होने वाले मतदाता दिवस के मद्देनजर प्रमंडलीय आयुक्त के नेतृत्व में सभी उपस्थित जनों ने मतदाता शपथ भी ली, जिससे चुनाव में भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया गया। यह आयोजन झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को सम्मानित करने का एक अहम अवसर था, जो राज्य के निर्माण में उनके योगदान को याद करता है।

