रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है खिलाड़ियों की सुरक्षा से लेकर दर्शकों की सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था तक, हर पहलू पर पुलिस अधिकारियों ने मंथन किया।भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, एएसपी कोतवाली निखिल राय समेत कई डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में स्टेडियम की सुरक्षा, होटल की सुरक्षा, ट्रैफिक रूट और दर्शकों की निगरानी समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। खिलाड़ियों के एयरपोर्ट से होटल और होटल से स्टेडियम तक आने-जाने के लिए विशेष रूट तय किए गए हैं, जहां पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा स्टेडियम में प्रवेश और निकास व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। दोनों टीमों के खिलाड़ियों की सुरक्षा के साथ-साथ शहर के महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।रांची पुलिस का फोकस साफ है मुकाबला शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो। इसके लिए स्टेडियम से लेकर होटल और एयरपोर्ट रूट तक सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार किया जा रहा है।