जेएसएससी (JSSC) CGL परीक्षा के सफल अभ्यर्थियों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। झारखंड हाईकोर्ट ने CGL नियुक्ति प्रक्रिया को रद्द करने के सरकार के फैसले को खारिज कर दिया है। अदालत के इस बड़े फैसले से नौकरी का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है। राज्य सरकार ने सीआईडी (CID) जांच रिपोर्ट और छात्र आंदोलन का हवाला देते हुए इस पूरी परीक्षा प्रक्रिया को रद्द करने का फैसला लिया था। सरकार के इस फैसले के खिलाफ आकाश गौरव समेत कई अन्य सफल अभ्यर्थियों ने झारखंड हाईकोर्ट का रुख किया और इसे चुनौती दी थी।
लंबी सुनवाई के बाद, हाईकोर्ट ने अभ्यर्थियों के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए सरकार के रद्द करने के आदेश को खारिज कर दिया। अदालत के इस फैसले से न सिर्फ सफल अभ्यर्थियों को राहत मिली है, बल्कि उन युवाओं में भी नई उम्मीद जग गई है जो पहले से ही नौकरी में हैं या अपनी नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे।हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में एक अहम बात यह भी है कि परीक्षा में धांधली या अनियमितताओं के मामलों की सीआईडी जांच फिलहाल जारी रहेगी। साथ ही, अभी हाईकोर्ट के विस्तृत आदेश (Detailed Order) का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आने के बाद यह पूरी तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो जाएगी कि आगे की प्रक्रिया किस प्रकार आगे बढ़ेगी।
