झारखंड आंदोलनकारियों संघर्ष मोर्चा गिरिडीह ने लंबित मांगों को लेकर बुधवार को पपरवाटाड़ स्थित पुराने टोल प्लाजा के समीप गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर बड़ी संख्या में आंदोलनकारी बैठ गए और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। मार्ग अवरुद्ध होने से वाहनों की कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।आंदोलनकारियों ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मान, पहचान और अधिकार दिलाने की मांग लंबे समय से लंबित है।

इसी मुद्दे को लेकर 29 सितंबर की शाम मशाल जुलूस निकाला गया था और 30 सितंबर को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया।सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराया। इसके बाद गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात रहा।