पलामू: दुर्गा पूजा को लेकर पलामू प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. जिले में 680 से अधिक पंडालों का निर्माण जारी है. बुधवार को मेदिनीनगर टाउन हॉल में पूजा समितियों के पदाधिकारियों संग हुई बैठक में उपायुक्त समीरा एस और एसपी रिष्मा रामेशन,अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,एसडीएम सुलोचना मीना एवं जिले के विभिन्न क्षेत्र में एसडीपीओ ने सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए.
उपायुक्त ने कहा कि सप्तमी से पहले लाइट की सभी समस्याओं का समाधान हो,साफ-सफाई की जिम्मेदारी नगर निगम के साथ पूजा समितियों की भी होगी. हर पंडाल को फायर सेफ्टीNOCऔरCCTVकैमरे लगाना अनिवार्य है. विसर्जन वाहनों के चालक नशे में नहीं होने चाहिए.
वहीं पलामू एसपी रिष्मा रामेशन ने निर्देश दिया कि पंडाल का स्ट्रक्चर मजबूत हो और बिल्डिंग डिवीजन से एक इंजीनियर या अन्य पदाधिकारी से जांच करवाकर सेफ्टी सर्टिफिकेट लिया जाए. प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग बनाए जाएँ. हर पंडाल प्रशासन को 5–10 वॉलंटियर के नाम और नंबर उपलब्ध कराएगा पुलिस को उपलब्ध कराया जाए,जिन्हें पुलिस आईडी कार्ड उपलब्ध कराएगी. बड़े पंडालों में पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित होगी और वहां अधिकारियों के नाम-नंबर प्रदर्शित होंगे.
प्रशासन ने कहा कि आग बुझाने का डेमो जरूरी है,रावण दहन स्थल पर गोल घेरा और अग्निशमन व्यवस्था हो. पिछले वर्ष पलामू में सबसे अधिक सड़क हादसे हुए थे,इसलिए ड्रिंक एंड ड्राइव पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. मूर्ति विसर्जन 2,3 और 4 अक्टूबर को होगा. विसर्जन स्थलों पर मिट्टी भरी होनी चाहिए. साथ ही पेट्रोलिंग गाड़ियों और पंडालों में रस्सी की व्यवस्था भी अनिवार्य होगी. आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 100,अग्निशमन सेवा के लिए 101 और जिला नियंत्रण कक्ष 06562-231589 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है.
पलामू से नितेश तिवारी की रिपोर्ट--
