रांची:झारखंड में इबोला वायरस को लेकर राज्य सरकार सतर्क हो गई है. हालांकि अभी तक राज्य में इबोला संक्रमण का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया. इसके बाद RIMS, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए.
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बढ़ेगी निगरानी
स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिया कि भारत सरकार की ओर से जारी इबोला संबंधी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया जाए. एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर संबंधित एजेंसियों के समन्वय से विशेष निगरानी और आवश्यक स्क्रीनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. किसी यात्री में संदिग्ध लक्षण या जोखिमपूर्ण यात्रा का इतिहास मिलने पर निर्धारित स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत जांच और चिकित्सकीय कार्रवाई की जाए. उन्होंने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की लगातार समीक्षा करने का निर्देश दिया. किसी भी संदिग्ध मरीज की सूचना मिलने पर तत्काल रिपोर्टिंग, जांच, आइसोलेशन और समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और PPE किट तैयार रखने का निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने RIMS, सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों में आवश्यक आइसोलेशन वार्ड, PPE किट, सुरक्षा उपकरण और अन्य मेडिकल संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है. डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षित देखभाल के लिए प्रशिक्षित करने का भी निर्देश दिया गया है. संदिग्ध मरीजों के सैंपल सुरक्षित तरीके से निर्धारित रेफरेंस लैब में भेजने और सभी 24 जिलों में 24 घंटे निगरानी, सूचना आदान-प्रदान तथा रिपोर्टिंग की व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है. रांची स्थित RIMS में 12 नवंबर को इबोला से निपटने की तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई थी.
क्या हैं इबोला के लक्षण?
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि इबोला वायरस डिजीज एक गंभीर संक्रामक बीमारी है. संक्रमण के बाद सामान्यतः 2 से 21 दिनों के भीतर इसके लक्षण सामने आ सकते हैं. शुरुआत में अचानक तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी और थकान हो सकती है. बीमारी गंभीर होने पर उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और कुछ मामलों में शरीर के विभिन्न हिस्सों से रक्तस्राव भी हो सकता है. उन्होंने बताया कि इबोला मुख्य रूप से संक्रमित व्यक्ति के खून और शरीर के अन्य संक्रमित तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है. संक्रमित व्यक्ति के शरीर के तरल पदार्थों से दूषित वस्तुओं के संपर्क में आने से भी संक्रमण का खतरा रहता है. यह सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह हवा से नहीं फैलता है.
जनता से घबराने नहीं, सतर्क रहने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. झारखंड में अभी तक इबोला का कोई पुष्ट मामला नहीं मिला है, लेकिन सरकार किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहती. उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते वह इस बीमारी की गंभीरता को समझते हैं. समय रहते संक्रमण की पहचान करना और इसे फैलने से रोकना बेहद जरूरी है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि इबोला को लेकर घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें. हाथों की नियमित सफाई रखें और किसी संदिग्ध लक्षण या संक्रमण के जोखिम की स्थिति में तत्काल चिकित्सकीय सलाह लें. स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने की दिशा में काम कर रहे हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट

