रांची : झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक आज शाम 4 बजे से होगी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में बैठक होगी.


आज होने वाली कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री के साथ मंत्रिमंडल के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे. बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव को स्वीकृति मिलेगी.


झारखंड में ट्रांसजेंडर को पिछड़े वर्ग की सूची में शामिल किया जा सकता है. इससे संबंधित प्रस्ताव पर आज कैबिनेट की बैठक में लाया जायेगा. इसके साथ ही ट्रांसजेंडर को पिछड़े वर्ग का मिलनेवाले आरक्षण का लाभ भी मिलेगा. अब नियुक्तियों में उन्हें भी आरक्षण का मौका मिलेगा. राज्य में पिछड़े वर्ग को 14 प्रतिशत आरक्षण है. इतना ही नहीं सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत ट्रांसजेंडर को मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का भी लाभ मिलेगा. इससे संबंधित प्रस्ताव भी कैबिनेट में पेश होगा.


इसके अलावा कैबिनेट में राज्य के खनिज क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था के लिए पेयजल व स्वच्छता प्रमंडल धनबाद में गोविंदपुर-निरसा दक्षिण क्षेत्र और संबंधित गांव में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए 325 करोड़ की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति मिल सकती है.