झरिया में बवाल : लोडेड ट्रक की चपेट में आने से बच्चे की मौत पर फूटा गुस्सा,आगजनी कर सड़क जाम करने पर मतदान प्रभावित
धनबाद: नगर निगम चुनाव के दौरान झरिया में बड़ा हंगामा हुआ है. डीएवी उच्च विद्यालय स्थित बूथ संख्या 12, 13, 14 और 15 के पास मुख्य सड़क जाम होने से काफी देर तक मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही. बताया जा रहा है कि देर रात झरिया थाना और घनुवाडीह ओपी क्षेत्र के बालूगद्दा में अवैध कोयला लोडेड ट्रक की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई थी. जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने आज सुबह अवैध कोयला लदे तीन ट्रकों को पकड़ लिया.
डीएवी स्कूल के पासविरोध प्रदर्शन
गुस्साए लोगों ने झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग पर डीएवी स्कूल के पास आगजनी कर सड़क जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन करने लगे. सड़क जाम के कारण मतदान केंद्र तक पहुंचने में मतदाताओं को भारी परेशानी हुई, जिससे कई बूथों पर मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही.
माहौल तनावपूर्ण इलाके में बढ़ी सुरक्षा
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची. हालांकि, आंदोलनकारियों के उग्र विरोध के सामने पुलिस भी कुछ समय तक शांत नजर आई. जिला प्रशासन के आलाधिकारियों ने जब लोगों को समझाया तब जाकर सड़क जाम हटा. तब तक लगभग 1 से डेढ़ घण्टे तक जाम की स्थिति बनी रही. फिलहाल, स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.





