Hindi News / पारिवारिक विवाद में पिता की हत्या,आरोपी बेटा गिरफ्तार

जामताड़ा में शादी की खुशियां मातम में बदली : पारिवारिक विवाद में पिता की हत्या,आरोपी बेटा गिरफ्तार

Edited By:  |
jamtada mein saadi ki khusiyan matam mein badli jamtada mein saadi ki khusiyan matam mein badli

जामताड़ा: जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया. जहां गुस्से में आकर बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी. इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और घर में शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई. मृतक की पहचान गोविंद राय (58 वर्ष) के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार, 3 मई को उनकी बेटी की शादी बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुई थी. 4 मई को बेटी की विदाई के बाद घर में आए मेहमानों के स्वागत और भोजन की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

पहले तो परिजनों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग कर दिया,जिससे मामला शांत हो गया था,लेकिन कुछ देर बाद गोविंद राय फिर से अपने बेटे के पास पहुंचे और विवाद दोबारा शुरू हो गया. इस बार झगड़ा इतना बढ़ गया था कि दोनों के बीच मारपीट तक होने लगी. इसी दौरान बेटे ललित राय ने अपने पिता पर हमला कर दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के वक्त घर में मौजूद बहू ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से तुरंत करमाटांड़ थाना को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही एसआई विकास तिवारी एवं मुकेश भोक्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.

पुलिस ने आरोपी बेटे ललित राय को गिरफ्तार कर थाना ले गई है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है. इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक की लहर है और हर कोई स्तब्ध है.