जमशेदपुर : पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले 2 आरोपियों को दबोचा
जमशेदपुर:जिला प्रशासन ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले संगठित गिरोह का फर्दाफाश किया है.जुगसलाई थाना क्षेत्र से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किए हैं. पुलिस पूरे पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है.
विशेष छापेमारी अभियान में मिली सफलता
वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जुगसलाई थाना क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गरीब नवाज कॉलोनी स्थित रेलवे पुल के नीचे से जाहिद हुसैन उर्फ विक्की और मो.रेहान हुसैन को गिरफ्तार किया है.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकारा
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों के बीच अवैध हथियार की डिलीवरी होने वाली है. गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है. उनकी निशानदेही पर नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद की गई.
पुलिस पूरे नेटवर्क खंगालने में जुटी
पूछताछ के दौरान जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने खुलासा किया कि अवैध हथियार सप्लायर, एक देसी पिस्टल 40 से 60 हजार रुपये में उपलब्ध कराते हैं और वह सप्लायर और खरीदारों के बीच संपर्क सूत्र के रूप में काम करता था. पुलिस के अनुसार यह मामला संगठित हथियार आपूर्ति और खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह से जुड़ा है. आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं. जबकि, पुलिस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है.





