जहानाबाद : सोशल मीडिया पर 3 युवकों का हथियार लहराते और फायरिंग करते वीडियो वायरल,तीनों की तलाश तेज
जहानाबाद:जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. वायरल वीडियो में एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक नजर आ रहे हैं, जिनमें से दो युवक खुलेआम हथियार का प्रदर्शन कर फायरिंग करते दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय थाना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपि युवकों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही.
वायरल वीडियो काको क्षेत्र के लोहा बिगहा गांव का है
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो काको थाना क्षेत्र के लोहा बिगहा गांव का है. वीडियो में युवकों द्वारा जिस तरह से सार्वजनिक सड़क पर हथियार लहराया जा रहा है और फायरिंग की जा रही है. उसे लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी. इसको लेकर के घोषी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है. साथ ही वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान भी की जा रही है.
हथियार औरफायरिंग करने वाले युवकों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में कुछ युवकों की पहचान घोसी एवं काको थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासियों के रूप में की गई है. पुलिस उनकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार वीडियो में हथियार का प्रदर्शन करने वाले और फायरिंग करने वाले युवकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.





