रांची:-स्त्री पुरुषों के बीच भेद को लेकर कई बार ऐसे हालात क्रिएट हो जाते हैं जो एक तरफ हंसने को मजबूर करते हैं तो दूसरी तरफ स्त्री पुरुष के फर्क को लेकर समाज के नजरिए का एक ऐसा चेहरा पेश करता है जो काफी कड़वा है। स्त्री पुरुषों के बीच हो रहे भेद को लेकर मध्य रेलवे के सोलापुर रेल मंडल के लोको पायलटों का लिखा एक ऐसा पत्र सोसल मिडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें लोको पायलटों ने अपना दुख सामूहिक पत्र लिखकर जाहिर किया है।


बता दें महाराष्ट्र के सोलापुर में लोको पायलट यूनियन ने महिलाओं को मिलने वाले विशेषाधिकार को पाने के लिए लिंग परिवर्तन की अनुमति मांगी है।लोको पायलट ने मध्य रेलवे सोलापुर मंडल के अधिकारी को सामूहिक पत्र लिखकर अपना लिंग परिवर्तन कराने और इसके लिए 1 वर्ष के अवकाश की गुहार लगाई है। रेलवे के वरीय अधिकारियों को लिखे इस अजीबोगरीब सामूहिक पत्र में लोको पायलटो ने लिंग परिवर्तन कराने के पीछे 9 कारण गिनाए हैं।


जिसमें महिला लोको पायलट को मिलने वाली सुविधाएं और उसकी वजह से पुरुष लोको पायलट को होने वाली परेशानियों का जिक्र किया गया है। मध्य रेलवे सोलापुर मंडल के पुरुष लोको पायलट द्वारा लिखा गया यह वायरल सामूहिक आग्रह पत्र रेलवे विभाग में चर्चा का विषय बना है। हालांकि कशिश न्यूज इस पत्र की पुष्टि नहीं करता है।

जानिए आखिर क्यो लोको पायलट करवाना चाहते हैं लिंग परिवर्तन

जानिए क्या है पत्र में....

सेवा में,

मंडल रेल प्रबंधक (कार्मिक)

शोलापुर मंडल (मध्य रेलवे )

विषय :- अपना लिंग परिवर्तन करवाने के लिए रेलवे से परमिशन लेने के लिए सामूहिक प्रार्थना पत्र,

महोदय,

हम सभी सोलापुर मंडल में सहायक लोको पायलट और वरिष्ठ सहायक लोको पाइलट के पद पर कार्यरत है,हम सभी को पुरुष होने के कारण कई प्रकार के भेदभावों का सामना करना पड़ रहा है और सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। जिससे हम सभी मानसिक रूप से काफी परेशान है,अतःहम सभी अपना लिंग परिवर्तन करवाने व उसके लिए आवश्यक1वर्ष के अवकाश की प्रार्थना करते है। महोदय विदित हो कि उसके बाद हम सभी को निम्न सुविधाये मिलेगी,

1.रात्रि में कभी भी गाड़ी नहीं जाना

2.शोलापुर और अन्य सभी लॉबीयो से लोडेड गाड़ी नहीं जाना।

3.प्रत्येक ट्रिप में रनिंग रूम ना जाकर स्पेयर आना।

4.सेक्शन से लौटते समय स्पेयर के लिए पहली गाड़ी मिलना।

5.जब चाहे छुट्टी मिलना।

6.एब्सेंट होने पर कोई चार्जशीट ना मिलना।

7.यदि उस दिन जाने की इक्क्षा ना हो तो अगले दिन जाना और इसके लिए कोई लीव नहीं लगना।

8.लाइन बॉक्स में कभी हाथ नहीं लगाना पड़ेगा।

9.अपने बच्चो को अधिक से अधिक समय देना।

10.महोदय उक्त सभी सुविधाएँ के लिए कृपया सभी को जल्द से जल्द परमिशन और छुट्टी देने की व्यवस्था करें।

धन्यवाद