जगन्नाथपुर थाना पहुंचे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने लगाया जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप,भाजपा ने किया पलटवार;प्रवक्ता बोले- कांग्रेस पहले अपने मंत्री को समझाए
रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को लेकर प्रदेश की राजनीति में विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री के समर्थन में उतर आए हैं। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने रांची के जगन्नाथपुर थाना पहुंचकर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश,पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही समेत अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित नेताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेताओं पर जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणी का आरोप
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि भाजपा नेताओं की ओर से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ लगातार जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंत्री को बांग्लादेशी घुसपैठिया कहकर संबोधित किया गया और उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश कर समाज को गुमराह करने की कोशिश की गई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियों से युवाओं को उकसाने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
आलोक दुबे और कुमार राजा के नेतृत्व में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
आलोक दुबे,कुमार राजा,सोमनाथ मुंडा और रियाज अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जगन्नाथपुर थाना पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा का पलटवार,इरफान अंसारी पर साधा निशाना
वहीं,कांग्रेस की शिकायत पर भाजपा प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा,"उल्टा चोर कोतवाल को डांटे। कांग्रेस के नेताओं को चाहिए कि वे पहले इरफान अंसारी को समझाएं। वह कब क्या बोलते हैं,किसी को कुछ पता नहीं।" भाजपा प्रवक्ता के इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत हैं।
शिकायत के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। एक ओर कांग्रेस ने भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है,वहीं भाजपा ने कांग्रेस और उसके मंत्री पर ही सवाल उठाए हैं। अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
रांची से संदीप यादव की रिपोर्ट

