NAWADA :नवादा में शादी से महज दो दिन पहले दुल्हन घर से भाग गई। दूल्हा और दुल्हन के घर में शादी की सारी तैयारियां बड़े जोर-शोर से चल रही थी। शादी की सब तैयारियां पूरी हो चुकी थी लेकिन दुल्हन के मन में कुछ और ही चल रहा था। घर में लग्न की तैयारी चल रही थी और दुल्हन शादी से महज दो दिन पहले घर छोड़ कर फरार हो गई और अपनी सहेली के घर जाकर छिप गई।

बताया जा रहा है कि दुल्हन को सांवला दूल्हा पसंद नहीं आने पर दुल्हन शादी से महज दो दिन पहले ही घर छोड़ कर भाग गई। दुल्हन के फरार होने की खबर परिवार को लगी तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गई। दुल्हन के फरार होने की खबर आग की तरह गांव में फैल गई। किसी ने ये बात दूल्हे के परिजनों को भी बता दी। जैसे ही परिजनों को इस बात को बताया तो दोनों परिवार के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दुल्हन के परिजन चुपचाप स्थानीय थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस से फरियाद लगाई।

पूरा मामला नवादा जिले के रूपौ थाना क्षेत्र के सिंघना गांव का बताया जाता है, जहां 4 दिसंबर को दुल्हन की चौखट पर बारात आनी थी। घर परिवार में खुशियों का माहौल था। चारों तरफ मंगल गीतों की आवाज गूंज रही थी। अपनी बेटी की शादी हिंदू रीति रिवाज के तहत तय की। लग्न की तैयारी हो रही थी।

तभी 2 दिसंबर को अचानक परिजनों को पता चला कि दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया है और घर से कहीं भाग गई है। यह सुनकर लकड़ी पक्ष के होश उड़ गए। इस मामले को लेकर दुल्हन के पिता ने रूपौ थाने की पुलिस से लिखित शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और दुल्हन की तलाश में जुट गई। शादी से महज 2 दिन पहले घर से फरार हुई दुल्हन को पुलिस ने 12 दिसंबर को नालंदा जिले के बिहार शरीफ से बरामद कर लिया है।

युवती अपनी सहेली के घर में छुपी हुई थी। थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि 4 दिसंबर को गणेश रविदास के घर बारात आने वाली थी मगर दुल्हन 2 दिसंबर को अपने घर से कहीं भाग गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस जांच पड़ताल शुरू करते हुए युवती की तलाश में जुट गई। फोन लोकेशन से आखिरकार पुलिस को युवती के छिपे होने का ठिकाना मालूम चल गया, जिसके बाद पुलिस ने बिहार शरीफ स्थित सहेली के घर से युवती को सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक युवती ने बताया कि शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हो रही थी। लड़का का रंग सांवला है, उसे लड़का पसंद नहीं था। बावजूद इसके परिवार के लोगों द्वारा शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह रास्ता अपनाया।

पुलिस ने कोर्ट में युवती का बयान दर्ज कराया है, जिसके बाद उसे न्यायालय के आदेश पर परिवार को सुपुर्द कर दिया गया है। इधर, दुल्हन अपने परिवार वालों से भी बार-बार यही कह रही है कि मुझे सांवला दूल्हा पसंद नहीं है। मैं इससे शादी नहीं करूंगी।