हिमांशु हत्याकांड पर सियासी उबाल : अमर बाउरी ने सरकार को घेरा,कहा-अपने फायदे के लिए कर रही पुलिस का इस्तेमाल
रांची: जमशेदपुर में पुलिस वैन पर बैठे हिमांशु सिंह की हत्या मामले को लेकर सियासी उबाल तेज हो गया है. हत्या के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को जमशेदपुर और आदित्यपुर में एक दिन का बंद बुलाया है.वहीं, बंद की सफलता के बाद भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि जमशेदपुर अब चौपरपुर बन गया है. जहां आए दिन चॉपर से हमला कर अपराधी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. जिस तरह से पुलिस वैन पर बैठे हिमांशु सिंह की हत्या की गई और इस घटना में एक बच्चा भी गंभीर रूप से घायल हुआ है,इससे यह दर्शाता है कि पुलिस का खौफ अब अपराधियों के बीच से खत्म हो गया है.
राज्य में कानून व्यवस्था करें बहाल
सरकार पर आरोप लगाते हुए अमर कुमार बाउरी ने कहा कि जब से हेमंत सोरेन की सरकार राज्य में सत्ता पर बैठी है उसकी ठीक बाद ही चाईबासा में सात व्यक्तियों की गला काटकर नृशंस हत्या कर दी गई थी. यह सरकार न सिर्फ पुलिस को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रही है बल्कि उन्हें पैसा उगाही करने का तंत्र भी बना दिया है. इतना ही नही सरकार पुलिस अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग पर भी बोली लगा रही है. समाज में पुलिस की साख गिर चुकी है और जो ईमानदार पुलिस वाले थे उन्हें ठंडे बस्ती में डाल दिया गया है.
जनता ने अहंकार में डूबे हेमंत सोरेन की सरकार को आईना दिखाया
प्रदेश महामंत्री ने आज के बंद में जमशेदपुर और आदित्यपुर की जनता, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, आम नागरिक, प्रतिष्ठान, फैक्ट्री व्यवसायी सहित दैनिक मजदूरों के समर्थन का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि जनता ने अहंकार में डूबे हेमंत सोरेन की सरकार को आईना दिखाने का काम किया है.
झारखंड अब उड़ता पंजाब के तर्ज पर बदलता नजर आ रहा
प्रदेश महामंत्री ने जमशेदपुर सहित पूरे राज्य में हो रहे ड्रग्स और सूखे नशे के बढ़ते कारोबार को भी उजागर किया. उन्होंने कहा कि झारखंड अब धीरे-धीरे उड़ता पंजाब के तर्ज पर बदलता नजर आ रहा है. सरकार राज्य के नौनिहालों को नशे में धकेल रही है और नशे का पैसा थाना के माध्यम से सरकार तक पहुंच रही है.
पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर किए सवाल खड़े
अमर कुमार बाउरी ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि इस मामले पर सस्ती राजनीति न करें और मीडिया, सोशल मीडिया के माध्यम से घटना को दबाने का प्रयास न करें. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जमशेदपुर में हिमांशु सिंह के साथ हुई घटना में पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. सरकार उन सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर जमशेदपुर सहित पूरे राज्य में कानून व्यवस्था लागू करें अन्यथा भारतीय जनता पार्टी इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी.





