हिमांशु हत्याकांड : जमशेदपुर पुलिस ने फिर 2 आरोपियों को दबोचा,एसआईटी टीम लगातार कर रही कार्रवाई
जमशेदपुर: हिमांशु हत्याकांड में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है.पुलिस ने फिर 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सिटी एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी.एसआईटी ने लगातार छापेमारी के बाद मामले में दो और आरोपियों को दबेचा है. गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी घटना के बाद मुख्य आरोपियों को छिपाने और फरार कराने में अहम भूमिका निभा रहा था. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है.
बीते 27 जून 2026 की रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए जानलेवा हमला मामले में गठित एसआईटी लगातार कार्रवाई कर रही है. तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान में पुलिस ने दो और आरोपी को गिरफ्तार किया है. जिसकी पहचान राघवेंद्र कुमार और गणेश मछुआ के रूप में हुई है.
मामले को लेकर सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि हिमांशु हत्याकांड में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. गिरफ्तार गणेश मछुआ की निशानदेही पर घटना के बाद आरोपियों के भागने और छुपाने में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद की गई है.





