Weather Alert : बिहार के 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, अगले 4 दिनों तक चक्रवाती तूफान 'दाना' का दिखेगा असर, रहें सतर्क


PATNA :पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आए चक्रवाती तूफान 'दाना' के कारण बिहार के कई जिलों में लगातार दो दिनों से बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश हो रही है। शनिवार को तूफान का असर और भी अधिक दिखा, जिससे तापमान में 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने 30 अक्टूबर तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसमें बताया गया है कि 30 अक्टूबर तक हर दिन 12 से 24 घंटे के बीच आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।
हालांकि, रविवार को मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूरब की ओर हवा चलने की भी संभावना है।
इन 5 जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार के भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया और जमुई में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, 13 जिलों में बादल छाए रहेंगे। आज सुबह राजधानी पटना, नालंदा, जहानाबाद में बारिश हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को सबसे अधिक तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, सबसे कम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है। अगले 12 घंटों तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की आशंका है।