जमशेदपुर:खबर है जमशेदपुर की जहां एक निजी स्कूल में सस्पेंशन के विरोध में छात्र और उनके अभिभावक ने लाठी और रड लेकर स्कूल के 2 पुरुष शिक्षक और 4 महिला शिक्षक को मारकर घायल कर दिया है. दरसल कक्षा 9वीं के छात्र को किसी छोटे बच्चे के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में शिक्षक ने सस्पेंड कर दिया. सस्पेंड करने के विरोध में छात्र ने सबसे पहले हंगामा शुरू किया फिर अपने गार्जियन के साथ स्कूल में मारपीट करने लगा.
आपको बता दें कि यह मामला आजाद नगर थाना अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित एक निजी विद्यालय का है. बताया जा रहा है कि जिस छात्र को सस्पेंड किया गया वह छात्र किसी छोटे बच्चे के साथ अश्लील हरकत कर रहा था. उधर जब इसका विरोध किया गया तो छात्र ने सबसे पहले हंगामा करना शुरू कर दिया फिर छात्र के हंगामा को देखते हुए क्लास टीचर ने उसे सस्पेंड कर दिया. फिर सस्पेंशन के बाद बच्चे के अभिभावक लाठी और रड लेकर स्कूल पहुंच गया और स्कूल में करीब 1 घंटे तक तांडव करता रहा.
इतना ही नहीं दो पुरुष शिक्षक और 4 महिला शिक्षक को मारकर घायल कर दिया और पूरे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. बच्चे स्कूल में दुबक के एक कोने में जा बैठे. बच्चे यह नहीं समझ पा रहे थे कि आखिर ये तांडव क्यों हो रहा है. लेकिन कुछ ही मिनटों में सब कुछ साफ हो गया लेकिन सबसे हैरानी की बात है कि पुलिस के सामने ही मारपीट होता रहा और पुलिस मूकदर्शक बनकर देखती रही.
