गया जी में प्रबोधन कार्यक्रम का समापन : स्पीकर डॉ.प्रेम कुमार ने बताया ऐतिहासिक तो यूपी सांसद ने पलायन रोकने पर दिया जोर
गया जी:शहर के बिपार्ड परिसर में बिहार विधानसभा सचिवालय, प्राइड (लोकसभा) और बिपार्ड के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का सफल समापन हुआ. कार्यक्रम का उद्देश्य विधायकों, विशेषकर पहली बार निर्वाचित सदस्यों के विधायी ज्ञान और कार्यक्षमता को मजबूत करना था.
समापन अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार ने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे जनप्रतिनिधियों को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला.
मुख्य अतिथि एवं उत्तर प्रदेश के सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि चुनाव मतों से जीते जाते हैं, लेकिन जनता का दिल केवल सेवा और संवेदनशीलता से जीता जा सकता है. उन्होंने बिहार में रोजगार के अवसर बढ़ाकर युवाओं के पलायन को रोकने पर जोर दिया.
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बदलते लोकतांत्रिक परिवेश में जनप्रतिनिधियों के लिए ऐसे प्रशिक्षण और संवाद कार्यक्रम समय-समय पर आवश्यक हैं। समापन के बाद सभी विधायकों ने विष्णुपद मंदिर, महाबोधि मंदिर,मां मंगलागौरी मंदिर सहित गया और बोधगया के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया. धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ.





