कोडरमा : खबर है कोडरमा की जहां मरकच्चो थाना क्षेत्र के अम्बाडीह शमशान घाट के पास हाथियों के झुंड ने एक व्यक्ति को कुचल कर मार डाला. घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र के रहने वाले लखन दास मरकच्चो के डुबाडीह में शादी समारोह में शामिल होने आया था. शादी समारोह के बाद घर वापसी के दौरान हाथियों के झुंड ने उसे निशाना बनाते हुए कुचल कर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद वन विभाग की टीम और मरकच्चो पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई है. घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल वन विभाग की ओर से मृतक परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु25हज़ार रुपये दिए गए हैं.
गौरतलब है कि पिछले 1 महीने से हाथियों का झुंड मरकच्चो के बेरहवा जंगल में डेरा जमाए हुए हैं और हाथियों का यह झुंड इलाके में खेतों में लगे फसलों व मिट्टी के घरों को नुकसान पहुंचा रहा है. इधर घटना के बाद वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड को जंगल की ओर भगाने में लगी है.
