रांची:राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। जेपी मार्केट स्थित 'टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर' में पनीर टिक्का का ऑर्डर परोसने में हुई देरी को लेकर हुए विवाद में कारीगर अजय रविदास की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात फूड कॉर्नर में एक ग्राहक और वहां काम करने वाले कारीगर अजय दास के बीच पनीर टिक्का का ऑर्डर सर्व करने में देरी को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी अमित कुमार ने फूड कॉर्नर में रखे चाकू से अजय पर हमला कर दिया। आरोपी ने अजय का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद जेपी मार्केट इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रोजमर्रा की तरह चल रहे फूड कॉर्नर में अचानक हुई इस वारदात से स्थानीय दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई। मामूली विवाद में हुई इस निर्मम हत्या ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
चार बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
इस घटना ने अजय रविदास के परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। मृतक के परिजनों के मुताबिक, अजय की चार बेटियां हैं और उसकी पत्नी ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। परिवार की जिम्मेदारी अजय के कंधों पर थी। उसकी हत्या के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ-साथ भविष्य को लेकर भी गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू फूड कॉर्नर में ही रखा हुआ था, जिसे आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया। पुलिस ने चाकू भी बरामद कर लिया है।
परिवार के सामने अब जीवनयापन का संकट
पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अजय रविदास की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार मासूम बेटियों और गंभीर बीमारी से जूझ रही पत्नी के सामने अब जीवनयापन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
ऐसे में जरूरी है कि सरकार और जिला प्रशासन इस परिवार की स्थिति पर संवेदनशीलता से ध्यान दें। पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, बेटियों की शिक्षा और पत्नी के इलाज के लिए उचित सरकारी मदद उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि इस असहाय परिवार को मुश्किल वक्त में सहारा मिल सके।
रांची से नैयर की रिपोर्ट

