रेलवे का बड़ा फैसला : पश्चिम चम्पारण में दो MEMU ट्रेनों का विस्तार, यात्रियों को राहत
पश्चिम चम्पारण के नरकटियागंज से रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात देते हुए दो मेमू ट्रेनों का विस्तार कर दिया है। अब दरभंगा-रक्सौल मेमू सवारी गाड़ी नरकटियागंज तक चलेगी, जबकि मुज़फ्फरपुर-रक्सौल मेमू ट्रेन का विस्तार सिकटा तक कर दिया गया है।इन ट्रेनों के विस्तार का शुभारंभ केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद सुनील कुमार और विधायक समृद्ध वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर नरकटियागंज रेलवे स्टेशन उत्सव स्थल में तब्दील नजर आया। मेमू ट्रेनों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
ट्रेन विस्तार की घोषणा के बाद यात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि इससे आवागमन पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि चम्पारण महात्मा गांधी की कर्मभूमि रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे समेत हर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।
मंत्री ने यह भी बताया कि नरकटियागंज को जल्द ही वाशिंग पिट जैसी बड़ी रेल परियोजना की सौगात मिलने वाली है, जिसका निर्माण कार्य तेजी से जारी है। रेलवे की इस नई पहल से पश्चिम चम्पारण के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट





