दिग्गी ठेकेदार हत्याकांड : तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात,पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
वैशाली: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत दिग्गी कला में चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय की सनसनीखेज हत्या मामले में सियासत गरमा गई है. गुरूवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हाजीपुर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान आरजेडी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत पार्टी के कई अन्य विधायक और स्थानीय नेता भी उनके साथ मौजूद रहे.
चित्र पर पुष्पअर्पित कर दी श्रद्धांजलि,परिवार को बंधाया ढांढस
रामनरेश राय के आवास पर पहुंचते ही तेजस्वी यादव ने सबसे पहले उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. इसके बाद उन्होंने मृतक की पत्नी और उनके बेटे से एकांत में मुलाकात कर पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली. मुलाकात के दौरान उन्होंने परिवार की सुरक्षा और अब तक हुई पुलिसिया कार्रवाई का भी जायजा लिया. गौरतलब है कि मृतक की पत्नी ने पहले ही अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गंभीर मांग उठाई थी.
सरकार और पुलिस प्रशासन पर बोला हमला
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में लगातार अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और बेखौफ अपराधी आए दिन हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य की पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने के बजाए अन्य कार्यों में व्यस्त है. तेजस्वी यादव ने इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाने और पीड़ित परिवार को न्याय व पुख्ता सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की.
पुलिस जांच और सियासी सरगर्मी तेज
विदित हो कि रामनरेश राय हत्याकांड के बाद से लगातार राजनीतिक दलों के नेताओं का दिग्गी स्थित उनके आवास पर पहुंचना जारी है, जिससे मामले पर सियासी दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है. दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन इस सनसनीखेज मामले के तह तक जाने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है. पुलिस इस मामले में एक मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार नामजद आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी जारी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत रेंज के आईजी चंदन कुशवाहा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर जांच का जायजा ले चुके हैं. पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए रास्ते और जमीन से जुड़े विवाद के साथ-साथ ठेकेदारी के बीच आपसी प्रतिस्पर्धा के एंगल से भी गहनता से तफ्तीश कर रही है.
फिलहाल,इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री के पीछे की असली वजह क्या थी,यह पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगा.





