धनबाद में ट्रेन उद्घाटन पर सियासत : झरिया विधायक और धनबाद मेयर को आमंत्रित करने के बाद अचानक किया रद्द,बढ़ी हलचल
धनबाद: जिले में लोकमान्य तिलक टर्मिनस, मुंबई के लिए साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत तो हुई, लेकिन उससे पहले जो घटनाक्रम हुआ वह सियासी रूप ले लिया है. बीजेपी की एकजुटता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. धनबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम लोकमान्य तिलक टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की शुरूआत सांसद ढुल्लू महतो ने हरी झंडी दिखाकर किया था. जिसके बाद से बीजेपी में आपसी मतभेद बढ़ गई है. यह अवसर शहर और क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण था, लेकिन कार्यक्रम से पहले विवाद ने सियासी रंग ले लिया.
पोस्टर और बैनर में बदला नाम
बताए कि उद्घाटन समारोह के लिए झरिया विधायक रागिनी सिंह और धनबाद मेयर संजीव सिंह को विधिवत आमंत्रित किया गया था. इतना ही नहीं,कार्यक्रम के पोस्टर और बैनर में भी उनका नाम शामिल था.लेकिन, कार्यक्रम शुरू होने से कुछ ही घंटे पहले अचानक उनका आमंत्रण रद्द कर दिया गया. पोस्टर से भी नाम हटा दिया गया. इतना ही नहीं, मेयर संजीव सिंह को पत्र भेजकर इसे "गलती से भेजा गया आमंत्रण" बताया गया और कार्यक्रम में शामिल नहीं होने को कहा गया. इसी तरह की स्थिति झरिया विधायक रागिनी सिंह के साथ भी सामने आई. नए बैनर में केवल सांसद और स्थानीय विधायक का ही नाम रखा गया था.
बीजेपी के अंदर गुटबाजी पर संशय
इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. सवाल उठ रहे हैं कि क्या बीजेपी के अंदर गुटबाजी और आपसी खींचतान अब खुलकर सामने आ रही है? नगर निगम चुनाव के दौरान से सांसद ढुल्लू महतो और मेयर संजीव सिंह के बीच चली आ रही आपसी तल्ख को इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है.
आमंत्रण देना या रद्द करना रेलवे प्रशासन का अधिकार-ढुल्लू महतो
वहीं, इस मामले पर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने सफाई देते हुए कहा कि आमंत्रण देना या रद्द करना रेलवे प्रशासन का अधिकार है. इसमें हमारी कोई भूमिका नहीं है, हमें इसकी जानकारी तक नहीं है. वहीं, पार्टी की ओर से मामले को सामान्य बताने की कोशिश की जा रही है. हालांकि, नई ट्रेन के शुभारंभ जैसे अहम मौके पर जनप्रतिनिधियों का इस तरह आमंत्रण रद्द होना कई सवाल खड़े करता है.





