धनबाद : बड़ी खबर धनबाद से जहां सदर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर डुमरी कुली में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है. घटना के बाद पत्नी मौके से फरार है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.
बताया जा रहा है किसदर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर डुमरी कुली में अजीत हांसदा नामक व्यक्ति का शव उसके घर में मिला है. परिजनों को सुबह होने के बाद घटना की जानकारी हुई. घटना के बाद से पत्नी सरस्वती हांसदा फरार है. लोगों ने आपसी विवाद में पत्नी द्वारा पति की धारदार हथियार से मारकर हत्या करने की आशंका जताई है. पति की हत्या करने के कारण ही पत्नी घर से फरार हुई है.
मृतक अजीत हंसदा के बेटे का कहना है कि रात में जब वह सो रहा था. तब उनके माता-पिता के साथ लड़ाई झगड़ा हो रहा था. इस दौरान उसकी नींद टूट गई. इसके बाद उसकी मां ने डांटते हुए सोने के लिए कहा. उसके बाद वो सो गया. सुबह होने के बाद अपने पिता को खून से लथपथ पाया. वहीं घर में काफी खोजबीन की लेकिन मां नहीं मिली.
घटना के संबंध में मुखिया प्रतिनिधि सुनीजन हांसदा का कहना है कि सुबह घटना की जानकारी हुई है. मौके पर पहुंचने के बाद देखा अजीत हांसदा का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ है. पत्नी भी घर से फरार थी. ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पत्नी और पति के बीच रात में लड़ाई झगड़ा हुआ था. इसके बाद पत्नी ने धारदार हथियार से पति की हत्या कर दी है. उन्होंने बताया कि अजीत हांसदा दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था. उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर रही है.
