धनबाद : क्रिकेट के दीवानों के लिए एक अच्छी खबर है. जिले में एक बार फिर से आइपीएल फैन पार्क का आयोजन होने जा रहा है. क्रिकेट प्रेमी इसमें बड़े स्क्रीन पर आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का लुत्फ उठा सकेंगे.


झारखंड में धनबाद और जमशेदपुर में इसका आयोजन होना है. जबकि देशभर के 45 शहरों में इसका आयोजन होना है. धनबाद क्रिकेट संघ को आइपीएल फैन पार्क के आयोजन की मेजबानी सौंपी गई है. 22-23 अप्रैल को धनबाद क्रिकेट संघ ने इसे कराने का निर्णय लिया है. स्टेडियम में बैठकर आइपीएल मैच का लुत्फ नहीं उठा पाने वाले क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम वाला माहौल दिया जाएगा. धनबाद क्रिकेट संघ ने आइपीएल फैन पार्क का आयोजन गोल्फ ग्राउंड में कराने का निर्णय लिया है. धनबाद क्रिकेट संघ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को इस आयोजन की जानकारी दी है.


जेएससीए के पदाधिकारी विनय सिंह ने बताया कि इसको लेकर जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है. जिला प्रशासन से अनुमति मिलते ही धनबाद क्रिकेट संघ इसकी तैयारी शुरू कर देगा. उन्होंने बताया कि इसमें इंट्री पूरी तरह से नि:शुल्क होगी.