धनबाद : समान कार्य का समान वेतन को लेकर सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा आदेश जारी होने के बाद धनबाद के होमगार्ड जवानों ने प्रसन्नता व्यक्त की है. धनबाद के होमगार्ड जवानों ने देर रात रंग और गुलाल लगाकर जश्न मनाया.
बता दें कि माननीय झारखंड उच्च न्यायालय ने झारखंड सरकार को जो आदेश दिया था कि 3 महीने के अंदर होमगार्ड जवानों को समान कार्य का समान वेतन दिया जाए उसे सरकार को पूरा करना होगा. यह आदेश पारित होने के बाद झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन धनबाद ने इस निर्णय का स्वागत किया है और माननीय सर्वोच्च न्यायालय का आभार व्यक्त किया है.
गौरतलब है कि सर्वोच्च न्यायालय ने होमगार्ड के जवानों को आरक्षियों के समान वेतन-भत्ता और अन्य सुविधाएं देने का आदेश राज्य सरकार को दिया है. अदालत ने राज्य सरकार की विशेष अनुमति याचिका, एसएलपी को खारिज करते हुए झारखंड उच्च न्यायालय के फैसले को बरकरार रखा है. अदालत ने सरकार को बिना विलंब किये इसे लागू करने को कहा है. सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से करीब 20 हजार होमगार्ड जवानों को लाभ मिलेगा.
