DELHI NEWS : बिहार कांग्रेस में राजेश राम-अल्लावारु के नेतृत्व पर घमासान, दिल्ली में विरोध-समर्थन आमने-सामने, हटाने की मांग तेज
दिल्ली: बिहार कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावारु के नेतृत्व को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दिल्ली तक पहुंच गया है. पार्टी के भीतर नाराज और समर्थक खेमे आमने-सामने हैं. मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय मुख्यालय इंदिरा भवन के बाहर करीब तीन दर्जन निष्कासित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना देकर दोनों नेताओं को पद से हटाने की मांग की.
प्रदर्शन कर रहे नेताओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात का समय मांगा. साथ ही निलंबित और निष्कासित नेताओं के मामलों की समीक्षा की मांग भी उठाई. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिहार कांग्रेस में लंबे समय से संगठनात्मक समस्याएं बनी हुई है. नेताओं ने हाथों में‘डरो मत’ लिखी तख्तियां लेकर प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई.
विरोध के बीच राजेश राम और कृष्णा अल्लावारु के समर्थन में दलित मिशन भी सामने आया है. संगठन की ओर से पोस्टर जारी कर दोनों नेताओं के समर्थन में एकजुटता की अपील की गई. पोस्टर में विरोध कर रहे नेताओं से सवाल पूछा गया कि राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार, मल्लिकार्जुन खरगे के अपमान और सदाकत आश्रम पर हुए हमले के समय उनका रुख क्या था.
दलित मिशन ने सरकार के खिलाफ हुए आंदोलनों में विरोधी नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाया है. पोस्टर में कहा गया कि दलित, पिछड़े, वंचित और युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी को सामाजिक न्याय से जोड़कर देखा जाना चाहिए.
इस घटनाक्रम से बिहार कांग्रेस का अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया है और आने वाले दिनों में संगठनात्मक स्तर पर इसका असर दिखने की संभावना है.
संजय कुमार की रिपोर्ट--





