BEGUSARAI :बेगूसराय जिला के बलिया थाना क्षेत्र में बीते दिनों दुष्कर्म का मामला सामने आया, जिसके बाद जिले के लोग उक्त घटना को लेकर काफी शर्मसार हैं। गुरुवार को दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से पैगाम-ए-अमन कमिटी का प्रतिनिधिमंडल मुलाकात किया।

उक्त प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पैगाम-ए-अमन कमिटी के जिला अध्यक्ष मो. अहसन के नेतृत्व में कमिटी के संरक्षक ईश्वर अस्पताल निदेशक डॉ. संजय कुमार, पूर्व मेयर आलोक अग्रवाल, संयोजक डॉ. राहुल कुमार, वरीय सदस्य मुखिया महेश राय, डॉ. रामानुज शर्मा, डॉ. अमोद कुमार समेत अन्य लोगों द्वारा सामूहिक रूप से पीड़िता के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी गई।

इस दौरान सामूहिक रूप से कमिटी के तमाम सदस्यों द्वारा पीड़िता के परिजनों से वार्तालाप कर उनकी मांग को जाना एवं हरसंभव उन्हें मदद का भरोसा भी दिलाया। वहीं, तमाम सदस्यों द्वारा यह निर्णय लिया गया कि उक्त घटित घटना की प्रशासनिक जांच हो। इसके साथ ही पीड़िता के परिजनों को हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए सरकार की ओर से दी जाने वाली मुआवजे की राशि को भी उपलब्ध कराने की आश्वासन दिया है।

इस दौरान कमिटी के तमाम प्रतिनिधिमंडलों द्वारा आक्रोशित लोगों से सांप्रदायिक सौहार्द को बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी असामाजिक तत्वों के बहकावे में आकर किसी भी तरह की शांति भंग का कार्य नहीं करने हेतु अपील किया गया। इस दौरान पीड़िता के परिजनों द्वारा प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर संतोषजनक करार देते हुए स्पीडी ट्रायल के माध्यम से मुकदमा भेजने को लेकर प्रशासन से गुहार लगाया।

वहीं, ऐसी सामाजिकता भाव को प्रकट करने हेतु पैगाम-ए-अमन कमिटी के प्रति लोगों ने अपना आभार प्रकट किया। साथ ही इस घटना के प्रति लोगों ने अन्य घटनाओं की तरह ही खुलासे करने हेतु अपील किया।