बेगूसराय गंडक नदी से मिली दोनों भाईयों की डेडबॉडी : बखरी-खगड़िया रोड जाम कर लोगों ने किया हंगामा
BEGUSARAI : बेगूसराय में शुक्रवार से लापता दो चचेरे भाइयों का शव गांव के बाहर गंडक नदी से बरामद किया गया है। दोनों शव के शरीर पर चोट के निशान हैं। जिससे परिजनों ने दोनों बच्चों की हत्या के बाद शव गंडक नदी में फेंकने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है।
पूरी घटना परिहारा ओपी क्षेत्र के बहुआरा पंचायत के चमराही गांव की है। बताया जा रहा है कि शनिवार को चमराही गांव निवासी सूर्यनारायण महतो का सात वर्षीय पुत्र हिमांशु उर्फ गोलू तथा रामज्ञान महतो का 11 वर्षीय पुत्र हर्ष कुमार अचानक लापता हो गया। खोजबीन के बाद परिजनों ने घटना की लिखित सूचना परिहारा ओपी पुलिस को दी थी। आज सुबह बखरी -खगड़िया मुख्य पथ को जाम भी किया था, जाम के दौरान ही हर्ष कुमार का शव गंडक नदी से मिला है।
हर्ष का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गोलू का शव गंडक नदी से बरामद किया। घटना की सूचना पर बखरी डीएसपी चंदन कुमार एसडीओ अशोक कुमार गुप्ता समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। अब जांच के बाद स्पष्ट होगा कि दोनों की मौत कैसे हुई है।
बताया जा रहा है कि इसी परिवार के श्याम नारायण महतो का 12 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार भी पांच साल पूर्व बेला चौक पर से लापता हो गया था। स्थानीय लोगों ने अविलंब बदमाशों की गिरफ्तारी के साथ साथ पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की है।