लोहरदगा:- गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी 2024 को बीएस कालेज स्टेडियम में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को यादगार बनाने में जिला प्रशासन जुटा हुआ है। मुख्य समारोह स्थल पर विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री डॉ.रामेश्वर उरांव तिरंगा फहराएंगे। इसे लेकर आवश्यक तैयारियों के साथ परेड के पूर्वाभ्यास का बुधवार को उपायुक्त डॉ.बाघमारे प्रसाद कृष्ण एवं पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां ने किया। इस दौरान डीसी-एसपी ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों का अवलोकन करते हुए परेड के पूर्वाभ्यास आदि का निरीक्षण कर संबंधित का आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मौके पर परेड में शामिल पुलिस के महिला बटालियन समेत अन्य टुकड़ियों द्वारा किए गए परेड के पूर्वाभ्यास को देखकर जरूरी निर्देश भी दिए। डीसी-एसपी द्वारा परेड, झंडारोहण, ड्रिल, झांकी प्रदर्शन आदि का बारीकी से जायजा लिया।

उपायुक्त बाघमारे प्रसाद कृष्ण ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर स्टेडियम में गणमान्य लोगों के बैठने, मार्च पास्ट, ड्रिल, परेड की व्यवस्था बेहतर तरीके से होनी चाहिए। गणतंत्र दिवस को लेकर प्रशासन द्वारा निर्धारित समय पर सभी कार्यक्रम का होना जरूरी है। इस दौरान एसपी हारिस बिन जमां ने सुरक्षा बिदुओं का जायजा लेते हुए स्टेडियम एवं आसपास में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर अपने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

