दरभंगा में दो करोड़ ज्वेलरी लूटकांड : बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पीड़ित व्यवसायी से की मुलाकात
दरभंगा:शहरके चर्चित 2 करोड़ के ज्वेलरी लूटकांड मामले को लेकर मंगलवार देर रात बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक संजय सरावगी ने पीड़ित व्यवसायी मनोज कुमार ठाकुर के आवास पहुंचे. उन्होंने प्रेम ज्वेलर्स के मालिक से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और परिवार को ढांढस बंधाया.
इस दौरान संजय सरावगी ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेगूसराय में 6 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि लूटे गए जेवरात और लगभग 2 करोड़ नगद जल्द ही बरामद कर ली जाएगी.
उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है. इस कांड में भी पुलिस द्वारा एनकाउंटर की गई है और कई मामलों में इस तरह की सख्ती देखने को मिल रही है. सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या बिहार छोड़ दें.
वहीं, पीड़ित व्यवसायी मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि उन्हें सरकार और पुलिस पर भरोसा है, लेकिन इस घटना के बाद व्यापारियों में डर का माहौल है. उन्होंने ये भी कहा कि अगर बड़े बाजार में पुलिस की गश्ती व्यवस्था बेहतर होती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती है. उन्होंने जल्द लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की है.





