रांची:भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद डी राजा आज रांची पहुंचे. रांची में डी राजा ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आगामी चुनाव में ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच जाने की सलाह दी. कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की.
पूर्व सांसद डी राजा मुख्यमंत्री से मिलने के बाद प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि किस प्रकार से चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को पटखनी देनी है. इन सब बातों को लेकर चर्चा की गई. अपने दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे डी राजा ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी ने 7 लोकसभा सीटों को चिन्हित किया है. जहां पर भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी अपना कैंडिडेट खड़ा कर सकता है.
सीपीआई के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा के साथ मौजूद पूर्व सांसद भुवनेश्वर मेहता ने कहा कि आगामी 27 जून को विस्थापितों के लिए संघर्ष करने वाली सभी संगठनों एवं मोर्चा के लोगों के साथ भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी राजभवन के समक्ष प्रदर्शन करेगी.
भुनेवश्वर मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भी विस्थापितों की समस्याओं की बात को हमारे सभी नेताओं ने रखा. जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि आने वाले समय में इस पर विचार किया जाएगा.
उन्होंने 23 जून को पटना में विपक्षी पार्टियों की होने वाली बैठक को लेकर कहा है कि सीपीआई की तरफ से उनके राष्ट्रीय महासचिव डी राजा, सीपीआई(एम) की तरफ से सीताराम येचुरी, सीपीआईएम(एल) की तरफ से दीपांकर भट्टाचार्य मौजूद रहेंगे.
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर झारखंड में सभी विपक्षी पार्टियों के साथ बातचीत जारी है. सभी विपक्षी पार्टियां जल्द ही एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को आगामी चुनाव में दांत खट्टे करने का काम करेगी.
