PATNA :केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आज एलजेपी संस्थापक स्व. रामविलास पासवान की जन्मस्थली शहरबन्नी (खगड़िया) के लिए प्रस्थान करने से पूर्व पटना आवास पर उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।
लोक जनशक्ति पार्टी एवं दलित सेवा के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान जी की चौथी पुण्यतिथि आज 8 अक्टूबर मंगलवार को बिहार में खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड स्थित उनके पैतृक ग्राम शहरबन्नी में आयोजित किया गया है।
इस कार्यक्रम में लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान शामिल होंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारी में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी समेत खगड़िया जिले के जिला अध्यक्ष समेत जिला के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटेंगे।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेश भट्ट ने प्रेस को बताया कि इस कार्यक्रम में पार्टी के सभी राष्ट्रीय नेता प्रदेश पदाधिकारी गण और तमाम जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हजारों की संख्या में शामिल होंगे और उनकी चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर अपने दिवंगत नेता को श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।

