चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : राहुल दुबे गैंग के तीन अपराधी गिरफ्तार,कोयला कारोबारियों से लेवी वसूली की थी तैयारी
चतरा: टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के तीन अपराधियों को हथियार के साथ दबोच लिया है. गिरफ्तार अपराधी कोयला साइडिंग की रेकी कर कारोबारियों में दहशत फैलाकर लेवी वसूलने की साजिश रच रहे थे. पुलिस ने अपराधियों के कब्जे से एक पिस्टल,एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, एक मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद की है.
बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी योजना
टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अपराधी पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो गांव में हथियार के साथ घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर तत्काल विशेष छापेमारी दल का गठन कर कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने कारो गांव में घेराबंदी कर तीनों अपराधियों को दबोच लिया. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बोकारो जिले के संजय मुर्ती, आलोक कुमार सिंह और हजारीबाग जिले के अजय करमाली के रूप में हुई है.
कोयला साइडिंग और कारोबारियों की गतिविधियों की हो रही थीरेकी
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि तीनों अपराधी राहुल दुबे गैंग से जुड़े हुए है. ये टंडवा कोयलांचल क्षेत्र में संचालित कोयला साइडिंग और कारोबारियों की गतिविधियों की रेकी कर रहे थे. इसके बाद कारोबारियों में भय का माहौल बनाने के लिए फायरिंग की घटना को अंजाम देकर लेवी वसूलने की योजना बनाई गई थी.
गैंग के अन्य सदस्य औरभूमिका का लगाया जा रहा पता
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपराधियों की साजिश को नाकाम कर दिया. पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, एक मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है. बरामद हथियारों और अपराधियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गैंग के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं और उनकी क्या भूमिका रही है. विशेष छापेमारी दल की अहम भूमिका रही है. गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राहुल दुबे गैंग के अन्य सदस्य कहां छिपे हुए है,उन्हें हथियार किसने उपलब्ध कराए और कोयला क्षेत्र में लेवी वसूली की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल है.





