चतरा में अफीम तस्करों पर शिकंजा : बड़े पैमाने पर नशे का खेप बरामद,50 लाख के उपकरण जब्त
चतरा: जिला प्रशासन नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. इसी कड़ी में चतरा पुलिस को 24 घंटे में ईटखोरी, लावालौंग और अब कुंन्दा थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने गुप्त सूचना के आधार पर कुंन्दा थाना क्षेत्र के बटुकुईया गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध अफीम, डोडा और उससे जुड़े प्रतिबंधित नशे का खेप बरामद किया गया है.
छापेमारी टीम ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ज्ञानी गंझू के घर पर छापेमारी की,जहां से बड़े पैमाने पर अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 840 ग्राम अवैध अफीम, 03 क्विंटल 15 किलो डोडा, 35 किलो पोस्ता दाना समेत अफीम उत्पादन में प्रयुक्त कई उपकरण जब्त किए. एसपी के अनुसार बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये है.
एसपी की सख्त चेतावनी
एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा. ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस लगातार अभियान चलाकर ऐसे तत्वों पर नकेल कस रही है.
वहीं, इस कार्रवाई में सिमरिया एसडीपीओ के अलावा कुंन्दा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह, एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी, एसआई श्रीकांत पाण्डेय समेत कुंन्दा और एनडीपीएस थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





