चतरा:चतरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे नक्सली समर्थक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिल्दाग गांव निवासी कुलदीप गंझू के रूप में हुई है. कुलदीप गंझू की गिरफ्तारी लावालौंग थाना में दर्ज कांड संख्या 63/2022 मामले में की गई है. लावालौंग थाना की पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार कुलदीप गंझू का वर्ष 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए नक्सली अमर सिंह भोक्ता से गहरा संपर्क था. भोक्ता के जरिए बाद में उसकी नजदीकी भाकपा माओवादी संगठन के सबजोनल कमांडर मनोहर गंझू से हो गई थी.

पुलिस के मुताबिक,कुलदीप गंझू मनोहर गंझू को खाने-पीने समेत अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराता था.वह मनोहर गंझू के संपर्क में रहकर इलाके में अपना दबदबा बनाए हुए था.पुलिस का आरोप है कि वह ठेकेदारों और मनोहर गंझू के बीच लेवी के सेटलमेंट में भी भूमिका निभाता था.गिरफ्तार आरोपी पूर्व में NDPS एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है.