पटना में जमीन विवाद पर बवाल, इलाके में तनाव : दीघा के मिथिला कॉलोनी में दो पक्ष आमने-सामने, हथियारों के प्रदर्शन से दहशत
पटना के दीघा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर बड़ा बवाल सामने आया है। मिथिला कॉलोनी स्थित आम बगीचा के पास कीमती भूखंड पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। दोनों गुट भारी संख्या में समर्थकों और संदिग्ध तत्वों के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। इलाके के लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्ती नहीं दिखाई तो कभी भी बड़ी हिंसक वारदात हो सकती है।
बताया जा रहा है कि विवादित जमीन को लेकर आमने-सामने आए एक पक्ष का संबंध बोरिंग रोड के एक दवा व्यवसायी से है, जबकि दूसरा पक्ष बेऊर इलाके के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक किसी पक्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। फिलहाल मौके पर स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी है, लेकिन इस बार जिस तरह हथियारों का प्रदर्शन हुआ है, उससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
पटना से संजय कुमार





