PURNIA :भवानीपुर के चर्चित व्यवसायी गोपाल यादुका हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो को गिरफ्तार किया है जबकि इस मामले में भवानीपुर पुलिस ने जमीन ब्रोकर संजय भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
भवानीपुर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो बाइक सहित एक शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार अपराधियों में बीकोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत भतसारा गांव निवासी अनिरुद्ध यादव का पुत्र ब्रजेश कुमार यादव एवं भवानीपुर नगर पंचायत निवासी राजू यादव का पुत्र विकास कुमार यादव शामिल हैं ।
गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस अधिकारी के समक्ष अपना जुर्म कबूल करने के साथ ही व्यवसायी गोपाल यादुका को गोली मारने की बात स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
विशाल ने गोपाल को मारी थी गोली
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अपराधी विकास यादव ने पुलिस अधिकारी के समक्ष बताया कि घटना के दिन वह और विशाल कुमार अपनी बाइक से व्यवसायी गोपाल यादुका के घर पहुंचे थे। उसने बताया कि इस दौरान उसके कई साथी घटनास्थल के इर्द-गिर्द मुस्तैद थे। विकास यादव ने पुलिस के सामने कबूल किया कि वह गोपाल यादुका के घर के सामने बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा और विशाल कुमार उसके नजदीक पहुंचकर उसके सिर में एक गोली मारी थी। उसने बताया कि गोली मारने के बाद वह और विशाल कुमार अपनी बाइक लेकर बजरंगबली चौक के रास्ते कदवाबासा पहुंचे थे।
पूर्व विधायक बीमा भारती के पुत्र राजा ने दी थी सुपारी!
चर्चित व्यवसायी गोपाल यादुका की हत्या के लिए रुपौली के पूर्व विधायक बीमा भारती के पुत्र राजा कुमार ने अपराधियों को पांच लाख की सुपारी दी थी। गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस अधिकारी के सामने स्वीकार किया कि पहले उनलोगों से पहले जमीन ब्रोकर संजय भगत ने हत्या की सुपारी देने की बात की थी लेकिन उससे पैसे को लेकर डील नहीं होने की वजह से बात नहीं बनी।
गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस अधिकारी को बताया कि इसके बाद रुपौली के पूर्व विधायक बीमा भारती के पुत्र राजा कुमार ने उनलोगों से संपर्क कर व्यवसायी गोपाल यादुका की हत्या की बात की। पुलिस को बताया कि पूर्व विधायक पुत्र राजा से पांच लाख में डील होने के बाद उसे पहले 76 हज़ार रुपये दिया गया, जिसके बाद हत्या के दिन उसे राजा द्वारा 48 हजार रुपया कदवाबासा में दिया गया। विकास यादव ने बताया कि हत्या करने के बाद जब वह और विशाल यादव कदवाबासा पहुंचे तो विधायक का पुत्र राजा कुमार अपने बुलेट से और उसका अन्य साथी उसके पीछे-पीछे थार से वहां पहुंचा था।
उसने बताया कि व्यवसायी गोपाल यादुका की हत्या के बाद उसी दिन कदवाबासा में राजा कुमार द्वारा एक पार्टी भी दिया गया था, जिसमें उसके कई अन्य साथी भी शामिल थे ।
वैज्ञानिक अनुसंधान में खुले राज
भवानीपुर के चर्चित व्यवसायी गोपाल यादुका की हत्या को भवानीपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद ने एक चुनौती के रूप में लिया था । पूर्व थानाध्यक्ष सूरज प्रसाद के द्वारा इस घटना के उद्भेदन के लिए कई प्रकार से अनुसंधान किए जा रहे थे । इसी दौरान सूरज प्रसाद को वैज्ञानिक अनुसंधान में कुछ अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर पुलिस इस चर्चित हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में कामयाब हो पायी।
इस बावत भवानीपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि व्यवसायी गोपाल यादुका हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और जमीन ब्रोकर संजय भगत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है । बहुत जल्द इस मामले के सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
