PATNA : बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर तीखा पलटवार किया है। तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि आरजेडी में मात्र एक मालिक है और बाकी सब नौकर। जबकि भारतीय जनता पार्टी में सारे नेता मल्टीपर्पस हैं।


लालू प्रसाद कल भी एक अपराधी और आज भी

इसके साथ ही आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद पर भड़कते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद कल भी एक अपराधी थे और आज भी कोर्ट की नजर में एक अपराधी हैं। कोर्ट ने उनको क्लीनचिट नहीं दिया है। लालू प्रसाद को कोई भी क्लीनचिट नहीं दे सकता है। किसी के साथ भी समझौता क्यों न हो जाए। बीजेपी तो कभी क्लीनचिट नहीं दे सकती है।


"पिता लालू की राह पर अब तेजस्वी"

इसके साथ ही तेजस्वी यादव पर प्रहार करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि डिप्टी सीएम भी अपने पिता लालू प्रसाद की राह पर चल पड़े हैं। आप भी अब अपने पिता की श्रेणी में आ गये हैं। भाजपा तो आपको भी अब क्लीनचिट नहीं दे सकती है इसलिए अब एकदम बेफिक्र रहिए। आरजेडी सिर्फ एक व्यक्ति की पार्टी है।


सीएम नीतीश पर किया प्रहार

वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के बीच लगातार हो रही मुलाकात पर सम्राट चौधरी ने कह कि नीतीश जी तो आजकल आदेशपालक का काम कर रहे हैं।

तेजस्वी के इस बयान पर भड़के सम्राट

गौरतलब है कि गुरुवार को बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए बिहार बीजेपी पर तीखा निशाना साधा था और कहा था कि बिहार बीजेपी अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। एक गुट सम्राट चौधरी का है तो एक नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा का तो एक सुशील मोदी का है। सभी गुट में झूठ बोलने की होड़ मची है। तेजस्वी यादव के इसी बयान पर बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने पलटवार किया है।