बीजेपी ने फूंका चुनावी बिगुल : सरायकेला पहुंचे आदित्य साहू और मधु कोड़ा,कहा-राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर और सरकार की नीतियां जनविरोधी
सरायकेला:नगर निकाय चुनाव को लेकर गहमा-गहमी बढ़ गई है. तमाम राजनीतिक पार्टियां चुनावी मैदान में प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रहे. इसी क्रम में बीजेपी ने भी चुनावी बिगुल फूंक दिया है. निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्षआदित्य साहू और पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा सरायकेला पहुंचे. जहां उन्होंने बीजेपी समर्थित नगर पंचायत अध्यक्ष पद केउम्मीदवार सुमित चौधरी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया.इस दौरान भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं के बीच उन्होंने जीत की हुंकार भरते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा.
पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि बीजेपी झारखंड की सभी 48 नगर निकायों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता वर्तमान सरकार के कुशासन से त्रस्त है और अब बदलाव चाहती है.
पिछले कुछ दिनों से सियासी गलियारों में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की नाराजगी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए आदित्य साहू ने कहा कि ये सभी बातें निराधार हैं. उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन हमारे परिवार के अभिन्न अंग और पार्टी के अत्यंत वरिष्ठ नेता हैं. उनके मार्गदर्शन में बीजेपी मजबूती से आगे बढ़ रही है.
वहीं, हेमंत सरकार पर हमला बोलते हुए आदित्य साहू ने कहा कि पिछले 6 वर्षों में झारखंड विकास की पटरी से उतर चुका है. उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है.सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं.विकास के नाम पर पिछले 6 सालों में कोई धरातलीय कार्य नहीं हुआ है.
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला. मौके पर मुख्य रूप से बीजेपी जिला उपाध्यक्ष राजा सिंह देव, नगर अध्यक्ष बद्री दरोगा, मंडल अध्यक्ष बीजू दत्त, राजकुमार सिंह और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.





