बिजली विभाग के SDO की दबंगई : महिला से अभद्रता करने का आरोप, FIR नहीं होने पर गुस्साए ग्रामीणों ने इरफान अंसारी का रोका काफिला
धनबाद: जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है. जहां बिजली विभाग के SDO पर महिला की गरिमा भंग करने का आरोप लगा है. पुलिस द्वारा ग्रामीणों की शिकायत पर FIR दर्ज नहीं किए जाने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का रास्ते में काफिला रोक दिया. मौके पर ही मंत्री ने पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.
मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सहराज गांव का है. आरोप है कि बीते दिनों निरसा सब-डिविजन बिजली विभाग के SDO नीतीश कुमार छापेमारी के लिए गांव पहुंचे थे. उस वक्त घर पर महिला स्नान कर रही थी. तभी SDO ने महिला को कपड़े तक बदलने का समय नहीं दिया और गेट तोड़कर जबरन घर में घुसकर छापेमारी की कार्रवाई जारी रखी.
इस घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और बिजली विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच झड़प की स्थिति बन गई. महिलाओं ने SDO को पकड़कर गोविंदपुर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया. लेकिन, आरोप है कि थाना प्रभारी विष्णु राउत ने ग्रामीणों की FIR दर्ज करने में आनाकानी की, जबकि दूसरे पक्ष यानी बिजली विभाग की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया.
पुलिस की इस कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने अपने गृह क्षेत्र जा रहे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के काफिले को गोविंदपुर–साहिबगंज मुख्य मार्ग पर रोक दिया और पूरी घटना की जानकारी दी.
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने SSP को दोनों पक्षों की FIR दर्ज करने और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.





