पटना : बिहार विधान परिषद भर्ती विवाद में बुधवार को एक बार फिर चौंकाने वाली स्थिति सामने आई. भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर दोबारा आयोजित परीक्षा में भी एक भी अभ्यर्थी शामिल नहीं हुआ. एलडीसी (लोअर डिवीजन क्लर्क) और निजी सहायक (PA) पदों के लिए आयोजित पुनर्परीक्षा में सभी 37 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. इससे विधान परिषद की भर्ती प्रक्रिया एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार को पहले चरण में एलडीसी पद के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में कुल 30 अभ्यर्थियों को शामिल होना था. परीक्षा के निर्धारित समय तक कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र नहीं पहुंचा. सभी सीटें खाली रह गईं और परीक्षा की अवधि समाप्त हो गई.
वहीं, दूसरी पाली में निजी सहायक (PA)पद के लिए परीक्षा निर्धारित थी. इस पद के लिए कुल सात अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन यहां भी एक भी अभ्यर्थी नहीं पहुंचा. इस तरह दोनों पदों के लिए आयोजित पुनर्परीक्षा में शत-प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई.
भर्ती प्रक्रिया पर फिर उठे सवाल
विधान परिषद भर्ती विवाद में दोबारा परीक्षा के बावजूद अभ्यर्थियों की गैरमौजूदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी क्यों बनाई? क्या भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में अविश्वास है या इसके पीछे कोई सामूहिक निर्णय है? फिलहाल इन सवालों का जवाब सामने नहीं आया है.
सभापति के अगले कदम पर नजर
अब पूरे मामले में बिहार विधान परिषद के सभापति के अगले फैसले पर नजर टिकी है. परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले अभ्यर्थियों के संबंध में क्या निर्णय लिया जाएगा और भर्ती प्रक्रिया को आगे किस तरह बढ़ाया जाएगा, यह महत्वपूर्ण होगा. हालांकि, अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति को लेकर किसी तरह की कार्रवाई की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
